
सऊदी अरब में हज यात्रा के दौरान भीषण गर्मी से मरने वालों की संख्या 600 से अधिक हो गई, जिसमें 68 भारतीय भी शामिल हैं। वहां के एक राजनयिक ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऐसा मना जा रहा है कि हज यात्रा करने आए जायरीन में अधिकतर बुजुर्ग थे और मौसम परिवर्तन के कारण कुछ लोगों की मौत हो गई। सऊदी अरब में राजनयिक ने कहा, "हमने लगभग 68 मरने वाले लोगों की पुष्टि की है। कुछ प्राकृतिक कारणों से मारे गए। यहां आने वाले कई जायरीन बुजुर्ग थे। कुछ लोगों की मौत बदलते मौसम के कारण हो गई।" अरब के दो राजनयिक ने इस बात की पुष्टि की कि हज के दौरान 550 जायरिनों की मौत हो चुकी है। मरने वालों में 323 मिस्र के और जॉर्डन के 60 लोग शामिल हैं। इनके अलावा इंडोनेशिया, ईरान, सेनेगल, ट्यूनीशिया और ईराक के द्वारा भी मौतों की पुष्टि की गई है। हालांकि, कई मामलों में अधिकारियों ने मौतों के कारणों का खुलासा नहीं किया।