Jabalpur News: ब्लास्ट के बाद मृत मजदूर का शव ठिकाने लगाने के फिराक में कार में रखकर एक घंटे तक घूमते रहे जैन बंधु - News Vision

खबरे

Jabalpur News: ब्लास्ट के बाद मृत मजदूर का शव ठिकाने लगाने के फिराक में कार में रखकर एक घंटे तक घूमते रहे जैन बंधु


Jabalpur Crime : अधारताल औद्योगिक क्षेत्र में स्थित सूर्या बायोटेक प्रोडक्ट्स एवं एलाइट इंडस्ट्रियल इंटरप्राइजेस में गुरुवार को हुए विस्फोट में एक श्रमिक की मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक श्रमिक राजा चौधरी के शव को ठिकाने लगाने के लिए इंटरप्राइजेस के संचालक जैन बंधु कार में लेकर एक घंटे तक घूमते रहे। पुलिस की प्रारंभिक छानबीन में यह जानकारी सामने आई है।

विस्फोट के बाद श्रमिक राजा चौधरी की मौत हो गई थी। इसके बाद संचालक कपिल जैन और सलिल जैन ने शव को कार में रखा और अस्पताल या पुलिस के पास न जाकर, एक घंटे तक गायब रहे। आरोप है कि उन्होंने घटना को छिपाने के लिए मौके के सीसीटीवी फुटेज भी डिलीट कर दिए।

पुलिस अब उन संभावित मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, जिनसे होकर आरोपित कार में शव लेकर निकले थे। संचालक कपिल जैन और सलिल जैन से पूछताछ की तैयारी है और सीसीटीवी फुटेज वाले डीवीआर को जब्त कर ईएफएसएल भेजा गया है। डिलीट किए गए फुटेज को वापस प्राप्त करने के प्रयास जारी हैं। पुलिस मामले में साक्ष्य छिपाने की धारा भी जोड़ने की तैयारी कर रही है।


गिरफ्तार कपिल और सलिल जैन को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें शनिवार तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। रिमांड मिलते ही पुलिस उन्हें घटनास्थल लेकर गई और विस्फोट के बाद से साक्ष्य मिटाने के प्रयासों का पुनर्निर्माण किया।

आरोपितों ने औद्योगिक क्षेत्र में कबाड़ का गोदाम चला रखा था। पुलिस ने उद्योग विभाग से उनकी इकाई को आवंटित भूखंड और उसके निर्धारित प्रयोजन का विवरण मांगा है। जांच में गोदाम में सुरक्षा संबंधित उपाय नहीं मिले हैं। पुलिस गोदाम की पूर्व जांच करने वाले एजेंसियों की भी जानकारी और कार्रवाई का विवरण खंगाल रही है।

पुलिस की छानबीन में पता चला कि जैन बंधुओं ने रायपुर की आर्यन इंडस्ट्री से कबाड़ क्रय किया था। यह कबाड़ बुधवार को उनके गोदाम में पहुंचा था और इसमें रिजेक्ट एम्युनेशन बाक्स थे, जिन्हें गलाने के दौरान विस्फोट हुआ। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोनाली दुबे के अनुसार, घटना के बाद राजा चौधरी को लेकर लगभग एक घंटे तक आरोपित अस्पताल नहीं पहुंचे थे। मामले में पूछताछ जारी है।